सोनभद्र (डाला)। हाथीनाला थाना क्षेत्र के जोगीडीह रेलवे स्टेशन के पास तैनात दो वन कर्मियों की रविवार की दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सोमवार की सुबह पुलिस ने दोनों कर्मचारियों के शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया। मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
जोगीडीह स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक के चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। वन विभाग ने यहां पेड़ों की गिनती कराने समेत अन्य विभागीय कार्य के लिए वन निगम में तैनात संविदा स्केलर विंदेश्वरी वर्मा (59) निवासी लालपुर महाराजगंज और चौकीदार ज्ञान प्रसाद पांडेय (56) निवासी बलकटा चितईपुर गोरखपुर को तैनात किया था। दोनों कार्य स्थल पर ड्यूटी कर रहे थे। इस दौरान दोपहर में दोनों की मौत हो गई। इसकी जानकारी होते ही वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। विभागीय अधिकारियों ने अन्य कर्मचारियों से घटना के बारे में जानकारी ली लेकिन कोई भी कुछ बता नहीं बता सका। सोमवार की सुबह विभाग ने हाथीनाला पुलिस को मामले की जानकारी दी। वन निगम के डीएलएम श्रीनिवास राव ने बताया कि दोनों एक ही क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात थे। पता चला था कि ज्ञान प्रकाश की तबियत कुछ दिनों से खराब चल रही थी, जबकि विंदेश्वरी वर्मा 15 दिन से ड्यूटी कर रहा था। इनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा।