सोनभद्र। राबर्ट्सगंज में रविवार को घेराबंदी कर पुलिस ने एक हेरोइन तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए तस्कर अनिल के कब्जे से पांच लाख की हेरोइन बरामद हुई। चार दिन पूर्व अनिल की बहन लाखों की हेरोइन के साथ पकड़ी गई थी।
सुबह करीब दस बजे राबर्ट्सगंज के पूरब मोहाल के समीप दलबल के साथ चौकी इंचार्ज मो. अरशद खां ने एक युवक को रुकने का इशारा किया तो वे भागने लगा। हालांकि पीछाकर पुलिस कर्मियों ने उसे धर दबोचा। सिटी सीओ विवेकानंद तिवारी ने बताया कि पकड़ा गया राबर्ट्सगंज के पूरब मोहाल निवासी अनिल कुमार के कब्जे से 50 ग्राम हेरोइन मिली है। बरामद हेरोइन की कीमत अंतर्राष्ट्रीय बाजार में पांच लाख रुपये है। उन्होंने बताया कि चार अक्तूबर को अनिल की बहन अनीता को करीब 40 लाख की हेरोइन के साथ पकड़ कर जेल भेजा जा चुका है। उन्होंने बताया कि हेरोइन के कारोबार में लिप्त दर्जन भर लोगों को चिन्हित किया गया। तस्करों को पकड़ने के लिए छापेमारी जारी है।