घोरावल। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में रविवार रात उस समय हड़कंप मच गया जब मामूली बात को लेकर एक युवक ने अधीक्षक डॉ. गुरु प्रसाद मौर्या की पिटाई कर दी। पुलिस ने अधीक्षक की तहरीर पर युवक व उसके पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे सीएचसी अधीक्षक डॉ. गुरु प्रसाद मौर्या अस्पताल परिसर में ही एक कर्मचारी के आवास पर बैठे थे। उनके साथ वार्ड ब्वाय चंद्रप्रकाश श्रीवास्तव का पुत्र शिवम और कुछ अन्य अस्पताल कर्मी बैठे हुए थे। इसी दौरान डॉ. प्रसाद ने शिवम से पूछा कि तुम आवास पर जो निर्माण कार्य करा रहे हो, उसका बालू, सीमेंट कहां से पाए हो। इसी को लेकर दोनों में विवाद होने लगा। शिवम ने अधीक्षक की पिटाई दी। इसके बाद दोनों में मारपीट होने लगी। अस्पताल कर्मियों ने किसी तरह दोनों को शांत कराया।
सूचना पाकर मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। अधीक्षक ने तहरीर देकर कहा है कि रविवार रात शिवम श्रीवास्तव ने उसके ऊपर जानलेवा हमला किया और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। तहरीर पर शिवम श्रीवास्तव एवं उसके पिता वार्ड ब्वाय चंद्रप्रकाश श्रीवास्तव पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। सोमवार सुबह आरोपी युवक शिवम श्रीवास्तव को घोरावल बस स्टैंड से पुलिस ने गिरफ्तार कर चालान कर दिया।