सोनभद्र। शादी का झांसा देकर एक युवक विवाहिता के साथ दुष्कर्म करता रहा। महिला का आरोप है कि उसके जिद करने पर युवक ने उसके साथ कोर्ट मैरिज की है। लेकिन अब वह उस शादी को नहीं मान रहा है। बुधवार को सुकृत पुलिस चौकी में पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस के मुताबिक चंदौली जिले की रहने वाली पीड़ित महिला दो-तीन बच्चों की मां है। चार-पांच माह पहले महिला अपने घर से चंदौली के ही रहने वाले परिचित युवक के साथ रहने लगी थी। उसका कहना है कि युवक उसे शादी करने का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। दबाव देने पर उसने 31 अगस्त को कोर्ट मैरिज की। कुछ दिनों तक उसने उसे राबर्टर्सगंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में रखा था। लेकिन एक अक्तूबर को उसे मारपीट कर भगा दिया। पहला पति भी उसे रखने को तैयार नहीं है। पुलिस का कहना है कि जांच में पता चला है कि आरोपी चंदौली का रहने वाला है। उसकी खोजबीन की जा रही है।