सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के लसड़ा गांव मेें स्थित मेसर्स सरस्वती गंगे फिलिंग स्टेशन पर रविवार की रात पेट्रोल का दाम मांगने पर विवाद हो गया। मनबढ़ों ने लाठी-डंडे से कर्मी अनुपम तिवारी को पीट दिया। इसके बाद बाइक से फरार हो गए। घायल कर्मी ने एक नामजद समेत दो के खिलाफ तहरीर दे दी है।
पन्नूगंज थाना क्षेत्र के सरई गांव निवासी अनुपम तिवारी मेसर्स सरस्वती गंगे फिलिंग स्टेशन पर काम करता है। रविवार की रात करीब साढ़े 11 बजे पंप पर वह खाना बना रहा था। उसी वक्त दो युवक पंप पर पहुंच कर जबरदस्ती बाइक में पेट्रोल डालने के लिए कहने लगे। अनुपम के मुताबिक उसने युवकों से पेट्रोल का दाम मांगा तो देने से इंकार करते हुए गाली-गलौज करने लगे। गाली देने से मना किया तो मारपीट करने पर अमादा हो गए। उसका आरोप है कि युवकों ने लाठी-डंडे से उसे पीटने के बाद बाइक से फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि अनुपम ने एक नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मारपीट की तहरीर दी है। कहा कि हमलावरों को पकड़ने के लिए उनके घरों पर दबिश दी, लेकिन मिले नहीं।