सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र के मारकुंडी घाटी में बुधवार को एक बस ने अनियंत्रित होकर बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार भाई-बहन समेत तीन लोग घायल हो गए। राहगीरों ने निजी वाहन से घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। यहां प्राथमिक उपचार करने के बाद डॉक्टर ने घायल शंकर (34) और अजय (27) को बीएचयू वाराणसी के लिए रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 12 बजे मारकुंडी घाटी में वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर चोपन की ओर से राबर्ट्सगंज की तरफ जा रही एक बस बाइक में टक्कर मारते हुए निकल गई। इससे बाइक चालक बिहार के भोजपुर जिले के गहमर टोला निवासी शंकर (34), उसकी बहन पन्नूगंज थाना क्षेत्र के परसौटी निवासी इंदू (45) और मिर्जापुर जिले के चुनार निवासी अजय (27) मदद की गुहार लगाने लगे।
रास्ते से गुजर रहे राहगीरों ने सभी घायलों को लेकर अस्पताल पहुंचे। उधर घटना की जानकारी मिलने पर घायल महिला के घरवाले और रिश्तेदार भी पहुंच गए। घायलोें ने बताया कि हादसे के बाद चालक तेजी से बस लेकर फरार हो गया। दो घायलों को बीएचयू रेफर किया गया है। पुलिस का कहना है कि घायलों के घरवाले की ओर से तहरीर मिलने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। उधर जिला अस्पताल से एक दूसरी सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल मुड़िलाडीह गांव निवासी श्याम (17) को ट्रामा सेंटर के लिए रेफर किया गया।