महुली/विंढमगंज। थाना क्षेत्र के पतरिहा गांव में बुुधवार सुबह एक युवक ने प्रेम प्रसंग में फांसी लगाकर जान दे दी। उसका शव घर से करीब सौ मीटर दूर पेड़ से लटकता मिला। ग्रामीणों ने शव को देखकर परिवार वालों को घटना की जानकारी दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया।
पतरिहा गांव में रिंकू भुइयां पुत्र भोला भुइयां की शादी करीब चार साल पहले ओबरा थाना क्षेत्र में हुई थी। पति-पत्नी का जीवन ठीकठाक व्यतीत हो रहा था। उन्हें एक बेटी और एक बेटा भी है। करीब एक वर्ष पहले थाना क्षेत्र के ही एक गांव की एक लड़की से युवक का प्रेम प्रसंग परवान चढ़ गया। चर्चा है कि युवक जब भी गांव से बाहर मजदूरी के लिए निकलता था तो युवती उसके साथ महीनों तक बाहर रहती थी। इसकी जानकारी जब घर वालों को हुई तो वे इसका विरोध करने लगे।
इसी बीच प्रेमिका का युवक के घर में भी आना जाना शुरू हो गया। रिंकू उसे भी अपनी दूसरी पत्नी के रूप में घर में साथ रखना चाहता था, लेकिन परिवार वाले इसे लेकर राजी नहीं थे। बताया गया कि मंगलवार को प्रेमिका रिंकू के घर आई गई थी और रात्रि में उसी के घर में रुकी थी। बुधवार को सुबह युवक के माता-पिता इस मामले को लेकर गांव की पंचायत बुलाने की तैयारी में लगे थे। इसी बीच रिंकू का शव अपने घर से करीब सौ मीटर दूर एक पेड़ से फांसी पर लटका मिला। मृतक की पत्नी लक्ष्मी देवी को जैसे ही यह खबर मिली वह अचेत होकर गिर पडी़। मामले की जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया।