सोनभद्र। लोढ़ी में वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर स्थित खनिज विभाग के चेकपोस्ट बुधवार की रात चेकिंग के दौरान स्कैन परमिट से गिट्टी ले जा रहा चालक चलती ट्रक से कूद पड़ा। ट्रक टोल प्लाजा के डिवाइडर से टकरा कर रूक गया वरना बड़ा हादसा हो जाता। वहीं पुलिस ने एक दूसरे ट्रक चालक को पकड़ लिया। कोतवाली पुलिस ने खान अधिकारी एके सिंह की तहरीर पर पकड़े गए ट्रक के चालक और मोटर मालिक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
खनिज परमिट का स्कैनिंग कर ओवरलोड गिट्टी बालू का परिवहन करने वाले ट्रकों को पकडने के लिए बुधवार की अर्धरात्रि के बाद खनिज चेकपोस्ट पर फोर्स के साथ खान अधिकारी जांच कर रहे थे। उधर चेकिंग की खबर मिलते ही मारकुंडी घाटी मेें सड़क के किनारे ओवरलोड गिट्टी-बालू लदे सैकड़ों ट्रकों को खड़ाकर चालक इधर उधर हो गए। इस वजह से पुराने मार्ग पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। खान अधिकारी अनंत कुमार सिंह ने बताया कि गिट्टी लदे एक ट्रक को परमिट जांच करने के लिए रोका गया तो चलते ट्रक से चालक कूद कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग निकला। चालक के भागने की वजह से अनियंत्रित होकर ट्रक जाने लगा। हालांकि चेकपोस्ट के समीप चढ़ाई होने से बैक होकर ट्रक टोल प्लाजा की ओर जाकर ट्रक टोला प्लाजा के बने डिवाइडर से टकरा कर खड़ा हो गया। अगर ट्रक के पीछे कोई वाहन या कर्मचारी होते तो घटना घटित हो सकती थी। कहा कि ट्रक कब्जे में लेकर पता लगाया जा रहा है कि किन परिस्थितियों में ट्रक छोड़ कर चालक भागा, इसके बाद कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि खनिज परमिट का स्कैनिंग कर गिट्टी ले जा रहे ट्रक यूपी 72 एटी 4848 को पकड़ लिया गया। ट्रक के चालक, मालिक के खिलाफ धोखाधड़ी, चोरी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा कायम कराया गया है।