रामगढ़। रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र के सुकमा गांव में मंगलवार को भूमि के विवाद में कुछ लोगों ने धारदार हथियार से रामकेवल धांगर (55) की हत्या कर दी। हत्या से नाराज ग्रामीण पुलिस को शव को कब्जे लेने का विरोध करने लगे। सूचना के बाद पहुंचे एएसपी (नक्सल) डॉ. अवधेश सिंह ने कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत कराया। घटना को लेकर गांव में तनाव है। इसको देखते हुए कई थानों की फोर्स और पीएसी तैनात की गई है। रामकेवल के बेटे शंकर की तहरीर पर छह के खिलाफ हत्या का केस दर्ज हुआ है।
घटना सुबह करीब दस बजे की है। भूमि विवाद को लेकर रामकेवल धांगर और पड़ोसी शंभू से विवाद हो गया। शंभू ने कुछ लोगों के साथ मिलकर लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी से रामकेवल पर हमला बोल दिया। जिससे रामकेवल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे रामपुर बरकोनिया एसओ ने शव कब्जे में लेने की कोशिश की तो ग्रामीण उग्र हो गए। उच्चाधिकारियों को बुलाने की मांग करने लगे। करीब एक घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंचे नक्सल एएसपी डॉ. अवधेश सिंह ने मृतक के परिवार वालों को हमलावरों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर तत्काल उन्हेें गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. अवधेश सिंह ने बताया कि शंकर की तहरीर पर शंभू, विनोद, जयसिंह, विजय, धरमू और अक्षय लाल के विरुद्घ हत्या, बलवा समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। कहा कि शांति व्यवस्था के मद्देनजर सुकमा, रामपुर बरकोनिया, रायपुर, पन्नूगंज थाने के एसओ के अलावा पीएसी की तैनाती की गई है।
-------------------
इनसेट
जेल छूट कर आया था रामकेवल
सोनभद्र। अपर पुलिस अधीक्षक (नक्सल) डॉ. अवधेश सिंह ने बताया कि दरमा गांव में वर्ष 2016 में भूमि को लेकर हुई मारपीट में शंभू के पिता रामबचन की मौत हो गई थी। रामबचन की हत्या के आरोप में रामकेवल समेत 11 लोगों को जेल भेज गया था। कुछ माह पूर्व जमानत पर रामकेवल छूट कर आया था। उन्होंने बताया कि नामजद आरोपियों के घरवाले भी फरार हैं।