सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के बहुअरा गांव में शनिवार को विवादित भूमि को लेेकर दो पक्षों में लाठी-डंडे चले। दोनों तरफ से पिता-पुत्र सहित चार घायल हो गए। सौ नंबर पुलिस घायलों को कोतवाली ले आई। जिला अस्पताल में सभी घायलों का उपचार हुआ।
सुबह करीब साढ़े छह बजे विवादित भूमि को लेकर दो पक्षों में गाली-गलौज के बाद लाठी-डंडे चलने लगे। इससे अफरा-तफरी का माहौल हो गया। शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया। दोनों पक्ष के लोगों ने सौ नंबर फोन कर मारपीट होने की सूचना दी। घटनास्थल पर पहुंचे पुलिसकर्मी घायलों को लेकर कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने बताया कि मारपीट में प्रथम पक्ष से कैलाश (30), आशा (35) और दूसरे पक्ष निरंजन (25) और उसके पिता महाबीर (55) घायल हुए हैं। दोनों पक्ष के घायलों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है।