बभनी। थाना क्षेत्र के नवाटोला पोखरा गांव में शुक्रवार की रात करीब दस बजे खेत की जुताई करते समय ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रैक्टर पलटने से चालक की दबकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया।
राजेंद्र प्रसाद खरवार (40) पुत्र स्व.सोहरलाल खरवार निवासी नवाटोला पोखरा शुक्रवार को अपने ही ट्रैक्टर से अपने खेत की जुताई कर रहा था। खेत काफी ऊंचा-नीचा होने के कारण ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया जिससे उसी ट्रैक्टर के नीचे राजेंद्र दब गया और उसकी मौत हो गई। राजेंद्र की मौत की खबर जैसे ही उसकी पत्नी इंद्रासी देवी को हुई वह बेहोश होकर गिर पड़ी। गांव के लोग मौके पर पहुंच गए। किसी तरह से उसे बाहर निकाला गया। मृतक की पत्नी ने घटना की सूचना बभनी पुलिस को दी। पुलिस ने शव को लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भिजवा दिया। उधर पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है।