दुद्धी ब्लॉक के मूड़ीसेमर ग्राम पंचायत भवन पर गुरुवार को पात्र गृहस्थी, लाल कार्ड का सत्यापन किया गया। इस दौरान पात्रों का नाम काटे जाने को लेकर विवाद शुरू हो गया। मौके की नजाकत को भांपते हुए सेक्रेटरी बगैर सत्यापन के ही लौट गए। इससे सत्यापन का कार्य एक बार फिर लटक गया।
गौरतलब है कि बीते कई माह से लोग सस्ते गल्ले के दूूूकानदार की मनमानी की शिकायत विधायक, तहसील दिवस पर कर रहे हैं। इसकी गंभीरता को देखते हुए करीब एक पखवारे पूर्व नायब तहसीलदार ने मौके पर जाकर जांच की थी तो कई खामियां सामने आई थीं।उन्होंने कमियों को दूर करने का निर्देश दूकानदार को दिया था। इसी को लेकर गुरुवार को पंचायत भवन पर चयन के लिए बैठक बुलाई गई थी। यहां कार्डों का सत्यापन हो रहा था कि इसी बीच ग्रामीणों ने मनमानी करने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
ग्रामीण कोटेदार, ग्राम प्रधान और सेक्रेटरी के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इस पर मौके से सचिव समर बहादुर और ग्राम प्रधान प्रतिनिधि चले गए। इससे लोगों में असंतोष और बढ़ गया। लोगों ने कोटेदार से ही कहासुनी शुरू कर दी। हालांकि कोटेदार ने सचिव की देखरेख में फिर से सत्यापन की बात कही तब लोग शांत हुए। इस दौरान मुख्य रूप से लखन पासवान, उदय कुशवाहा, रधु सिंह, शिवनाथ, राजेश पासवान, पवन, अमरनाथ, राम औतार, शीला देवी, गीता, कुसुम, राजकली, अनीता, मानमती, सोनी समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।