सोनभद्र। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी ने राबर्ट्र्सगंज कोतवाल को भदोही में तैनात एक महिला सिपाही समेत दो के खिलाफ उचित धाराओं में केस दर्ज कर विवेचना करने का निर्देश दिया है। कोर्ट के आदेश मिलने के बाद पुलिस कार्यवाही करने में जुट गई है।
पुलिस के मुताबिक वर्ष 2018 में करमा थाने और वर्तमान में चुर्क पुलिस लाइन में तैनात एक सिपाही ने अधिवक्ता के जरिए मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की कोर्ट मेें प्रार्थना पत्र दाखिल कर न्याय की गुहार लगाई थी। सिपाही का आरोप है कि वर्ष 2018 में महिला थाना राबर्ट्र्सगंज और वर्तमान में भदोही में तैनात एक महिला सिपाही ने साजिश के तहत उसके खिलाफ दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। महिला ने जिस दिन खुद के साथ घटना घटने की बात कही है उस दिन वह महिला थाने में अपने कार्यालय में तैनात थी। लेकिन उसने कार्यालय में लगे कंप्यूटर से सारा डाटा डिलीट कर दी। एसपी ने सीओ से इसकी जांच कराई और जांच में डाटा डिलीट करने की पुष्टि हुई, फिर उसके विरूद्ध केस दर्ज नहीं किया गया। उक्त आरक्षी और उसके चाचा द्वारा जान से मारने की धमकी दी जा रही है और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि कोर्ट ने आरोपी सिपाही और उसके चाचा के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है। आदेश के क्रम में कार्यवाही की जा रही है।