कोन थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म के आरोप के मामले में विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट ओमकार शुक्ला की अदालत ने पीड़िता की मां के प्रार्थनापत्र को परिवाद के रूप में दर्ज करने का आदेश दिया है। अदालत ने 27 नवंबर को साक्ष्य के लिए परिवादिनी को तलब किया है।
अभियोजन के अनुसार मां ने आरोप लगाया था कि एक युवक उसकी नाबालिग बेटी को फोन कर परेशान करता था और शादी का दबाव बनाता था। आरोप है कि नौ जुलाई 2026 को जंगल में लकड़ी लेने गई किशोरी के साथ आरोपी ने जबरन शारीरिक संबंध बनाए और विरोध करने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी। मां के मुताबिक, 10 जुलाई को थाने में शिकायत देने और बाद में पुलिस अधीक्षक को रजिस्टर्ड डाक से प्रार्थनापत्र भेजने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। अदालत ने पुलिस की आख्या और उपलब्ध दस्तावेजों का अवलोकन किया। पुलिस आख्या में दोनों पक्षों के बीच पूर्व से संबंध और पारिवारिक विवाद का उल्लेख किया गया था। अदालत ने मामले के तथ्यों को देखते हुए प्रार्थनापत्र को परिवाद के रूप में दर्ज कर स्वयं जांच करने का निर्णय लिया है।