मतदाता सूची का पुनरीक्षण अभियान मंगलवार से आरंभ हुआ। डीएम बद्रीनाथ सिंह ने राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज परिसर से अभियान की शुरुआत की।
इस दौरान एक जनवरी 2025 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले छात्र-छात्राओं से सूची में नाम शामिल कराने के आवेदन भी भरवाए गए। उन्होंने सभी इंटर व डिग्री काॅलेज में काउंटर बनवाकर आवेदन लेने के लिए निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि 01 जनवरी 2025 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों में दावे-आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 28 नवंबर तक है। इसके लिए विशेष कैंप 9, 10, 23 व 24 नवंबर को निर्धारित किया गया है।
इन तिथियों में कोई भी मतदाता अपने मतदान केंद्र पर जाकर अपने नाम में संशोधन, नाम हटाना या स्थानांतरण करा सकता है। मतदाता सूची में लोग अपना नाम भी दर्ज करा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि काॅलेज के एक कक्ष में वोटर रजिस्ट्रेशन कक्ष स्थापित किया जाय, जिसमें काॅलेज में उपलब्ध कम्प्यूटर, इंटरनेट का उपयोग कर मतदाताओं का ऑनलाइन पंजीकरण कराएं।
काॅलेज के सभी छात्र-छात्राओं से यह प्रमाण-पत्र भी लें कि उनके परिवार में 18 वर्ष की उम्र वाले सभी सदस्यों का मतदाता फोटो पहचान पत्र बन गया है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 6 जनवरी को होगा।
इस मौके पर एडीएम सहदेव मिश्र, एसडीएम सदर उत्कर्ष द्विवेदी, डीआईओएस जयराम सिंह, बीएसए मुकुल आनंद पांडेय, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी जगरूप सिंह पटेल, एडीआईओ विनय कुमार सिंह, विद्यालय के प्रधानाचार्य बृजेश कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।