सोनभद्र। जिले में बृहस्पतिवार को 41 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई जिससे संक्रमितों की संख्या 3093 हो गई है। पूर्व में संक्रमित मिले लोगों में से 45 मरीज बृहस्पतिवार को इलाज के बाद स्वस्थ भी घोषित किए गए। अबतक 2805 लोग स्वस्थ हो चुके हैं जबकि एक्टिव मामले में 249 हो गए हैं।
चिकित्सकों की टीमें वृहस्पतिवार को भी रेंडम व संक्रमित मिले लोगों के संपर्क में आने वालों तथा कैंटेनमेंट जोन में रहने वालों के सैंपल लेने में जुटी रहीं। टीमों ने कुल 1845 लोगों के सैंपल जांच के बाबत लिए। पूर्व में भेजे गए सैंपल में से 1857 लोगों की वृहस्पतिवार को रिपोर्ट भी आई। जिसमें 41 पॉजिटिव और 1816 निगेटिव मिले। सीएमओ के मुताबिक अब तक कुल 120677 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। इनमें से 119131 लोगों की रिपोर्ट आई है। जिसमें 3093 पॉजिटिव और 116038 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव मिली है। अन्य 1546 लोगों के सैंपल की जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
बृहस्पतिवार को 41 और लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर जिले में एक्टिव मामले 249 हो गए हैं। संक्रमित मिले मरीजों में से नौ की मौत सोनभद्र और 30 अन्य की मौत दूसरे जिलों में हुई है। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को पॉजिटिव मिले लोगों के आवास व आसपास के इलाकों को सील कर सैनिटाइज कराने के लिए अधिकारियों को पत्र लिखा गया है। उधर, एसडीएम केएस पांडेय का कहना है कि संक्रमित मिले लोगों के आवास व आसपास के इलाकों को सील कर सैनिटाइज कराया जा रहा है। कंटेनमेंट जोन में बैरिकेडिंग कराई जा रही है।