राबर्ट्सगंज शीतला मंदिर के पास कोरोना मरीज मिलने पर बास बल्ली से सील गली।
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। जिले में करमा थाने में तैनात एक पुलिसकर्मी समेत 30 और लोगों की रिपोर्ट पाजिटिव आई है। इसके साथ ही जिले में पाजिटिव मिले लोगों की संख्या 796 हो गई है। इनके अलावा 13 लोग स्वस्थ भी हुए हैं। अब स्वस्थ होने वालों की संख्या 514 हो गई है। एक्टिव मामले में 282 हो गए हैं। इसकी पुष्टि सीएमओ डा.एसके उपाध्याय ने की है।उधर, चिकित्सकों की अलग-अलग टीमें शुक्रवार को रेंडम व संक्रमित लोगों के संपर्क में आने वालों के सैंपल लेने में जुटी रहीं। शुक्रवार को 1539 लोगों के सैंपल जांच के बाबत लिए गए। जबकि 1363 की रिपोर्ट भी आई। जिसमें 30 पाजिटिव 1333 निगेटिव मिले। इनके अलावा पूर्व में संक्रमित मिले 13 मरीज स्वस्थ भी हुए। इसके साथ ही स्वस्थ होने वालों की संख्या 514 हो गई है।
सीएमओ के मुताबिक अब तक 26807 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। इनमें से 26238 की रिपोर्ट आई है। जिसमें 786 पाजिटिव और 25442 निगेटिव मिले हैं। अन्य 569 लोगों की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। उधर, संक्रमित मिले लोगों के आवास व आसपास के इलाकों को सील कराकर लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। लोगों को जरूरत के सामान घर पर ही उपलब्ध कराए जा रहे हैं। ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों व पुलिसकर्मियों को लाकडाउन का पालन न करने वालों के खिलाफ सख्ती बरतने की हिदायत दी गई है। एसडीएम केएस पांडेय ने बताया कि संक्रमित मिले लोगों को आवास व आसपास के इलाकों को सील कर सैनिटाइज कराने के साथ ही बैरिकेडिंग भी कराई जा रही है। लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। पुलिसकर्मियों को हाट स्पाट वाले इलाकों में लाकडाउन का कड़ाई से पालन कराने को कहा गया। लाकडाउन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं।