सोनभद्र। लोगों की लापरवाही, इलाज की मुकम्मल व्यवस्था न होने के कारण कोरोना संक्रमण का खतरा दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। बृहस्पतिवार को बीते 24 घंटे के भीतर 10 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों का यह आंकड़ा जिले में अब तक एक दिन में मरने वालों का सर्वाधिक आंकड़ा है। 24 घंटे में 431 लोग संक्रमित भी मिले। हालांकि 397 लोग स्वस्थ होकर घर गए।
मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय की ओर से जारी कोरोना बुलेटिन के अनुसार बृहस्पतिवार को बीते 24 घंटे के भीतर कुल 10 लोगों की मौत हो गई। इस तरह से मरने वालों का आंकड़ा अब 143 हो गया। यानी कुल संक्रमितों में से यह आंकड़ा 1.18 फीसदी है। 26 अप्रैल को जांच कराने वालों की आई रिपोर्ट में 431 लोग संक्रमित मिले हैं। इसमें परियोजना कर्मी, टोला प्लाजा के कर्मी, कुछ स्वास्थ्य कर्मी भी शामिल हैं। इस तरह से अब जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 12084 हो गई। 197 लोगों के स्वस्थ होने से स्वस्थ होने वालों का आंकड़ा बढ़कर 69.65 फीसदी हो गया है। इस तरह से अब तक 8417 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। जिले में 3645 सक्रिय केस है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक डी टाइप के 170 सिलेंडर भरे हुए हैं जबकि बी टाइप के सभी खाली हैं। प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बीके अग्रवाल ने बताया कि कोरोना से बचाव के लिए जागरूक अहम है। लोगों को जागरूक किया जा रहा है। हिम्मत रखें और कोविड-19 नियमों का पालन करें कोरोना को जरूर मात देंगे।