सोनभद्र। कोरोना संक्रमित दो मरीजों की वाराणसी में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस बीच पिछले चौबीस घंटे के दौरान निजी अस्पताल की महिला स्वास्थ्यकर्मी समेत 36 और लोगों की रिपोर्ट पाजिटिव आई है। इसके साथ ही जिले में अब तक पाजिटिव मिले लोगों की संख्या 4698 हो गई है। इसके अलावा पूर्व में संक्रमित मिले लोगों में से 39 मरीज इलाज के बाद शुक्रवार को स्वस्थ घोषित किए गए। शुक्रवार को 36 और लोगों की रिपोर्ट पाजिटिव आने पर जिले में एक्टिव मामले 224 हो गए हैं। इसकी पुुष्टि सीएमओ डा. एसके उपाध्याय ने की है।
चिकित्सकों की टीमें शुक्रवार को भी संक्रमित मिले लोगों के संपर्क में आने वालों के सैंपल लेने में जुटी रहीं। शुक्रवार को 1770 लोगों के सैंपल जांच के बाबत लिए गए। इसके अलावा शुक्रवार को 1768 लोगों की रिपोर्ट भी आई। इसमें 36 पाजिटिव और 1732 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव मिली। सीएमओ के मुताबिक अब तक 210046 लोगों के सैंपल जांच के बाबत लिए जा चुके हैं। इनमें से 208494 लोगों की रिपोर्ट आई है। 4698 पाजिटिव और 203796 निगेटिव मिले हैं। संक्रमित मरीजों में से 69 की मौत हो चुकी है। 23 की मौत सोनभद्र और 46 की दूसरे जिलों में इलाज के दौरान हुई है। शुक्रवार को संक्रमित मिले लोगों के आवासों के आसपास बैरिकेडिंग करने व सैनिटाइजेशन के लिए संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखा गया है।