नदी को पार कर सुरक्षित स्थान पर जाते लोग।
बीजपुर । मंगलवार की रात क्षेत्र में हुई तेज बरसात से ग्रामीणों के माथे पर चिंता की लकीर खींच गई है। बिच्छी नदी में पानी बढने से पिंडारी गांव में बना अस्थाई पुल जहां बह गया वहीं, बरन नदी के उफान पर आने से कई ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क टूट गया है। लगातार हो रही बरसात से कच्चे मकान भी गिरने लगे है।
24 घण्टे से अनवरत हो रही बरसात से पहाड़ी नदियां व नाले उफान मारने लगे है। पिंडारी गांव में बिच्छी नदी का पहले से ही पुल टूटा हुआ था लेकिन मंगलवार की रात अचानक पानी बढने से उस पर बना बांस बल्ली का अस्थाई पुल भी बह गया और बीजपुर से पिंडारी का संपर्क टूट गया है। यूपी व एमपी को विभाजित करने वाली बरन नदी में पानी बढने के कारण ननियांगढ़, महूडढ़, जमहर, बैरहवां, बेलदह, कैमहादाढ़ आदि टोलों का सम्पर्क टूट गया है । संपर्क टूटने के कारण तमाम लोग उफान मार रही नदी से होकर किसी तरह सुरक्षित स्थान पर पहुंचे।