सोनभद्र। कलेक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को जिला दिव्यांगता समिति, लोकल लेवल कमेटी एवं डीएमटी की बैठक हुई। इसमें दिव्यांगजनों से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा की गई। डीएम जिला पंचायत राज अधिकारी व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि शत-प्रतिशत बूथों पर दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए शौचालय, रैम्प और हैंड रेलिंग का निर्माण कार्य समयबद्ध रूप से पूरा कराएं।
डीएम बद्रीनाथ सिंह ने कहा कि सभी दिव्यांग पेंशन लाभार्थियों का निर्वाचन सूची में टैगिंग कार्य प्राथमिकता पर किया जाए। 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके दिव्यांगजन का वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाया जाना सुनिश्चित किया जाए। यूडीआईडी कार्ड से जुड़े सभी ऑनलाइन आवेदन पत्रों के शत-प्रतिशत निस्तारण के निर्देश भी बैठक में दिए गए। सीएमओ डॉ. अश्वनी कुमार को निर्देशित किया कि कार्ड जारी करने की प्रक्रिया में तेजी लाएं।
बैठक में डीएम ने कहा कि दिव्यांगजनों की समस्याओं का निस्तारण समय पर सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने कन्या सुमंगला योजना, मातृत्व शिशु कल्याण योजना एवं श्रम विभाग की योजनाओं का ग्रामीण क्षेत्रों तक प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर दिया, ताकि पात्र लाभार्थी इनका लाभ उठा सकें। उन्होंने उद्योग विभाग की विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना को भी लोगों तक पहुंचाने की बात कही। संपूर्ण समाधान दिवस में श्रमिकों के लिए विशेष पंजीकरण शिविर लगाने के निर्देश भी डीएम ने संबंधित अधिकारियों को दिए। बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, डूडा परियोजना अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, जिला दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी विद्या देवी, एडीआईओ विनय कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।