चुर्क। चुर्क चौकी क्षेत्र के ग्राम सभा अरौली स्थित जयसवाल टोला में बृहस्पतिवार को भोर में करीब तीन बजे शॉर्ट सर्किट से एक जनरल स्टोर में आग लग गई। इससे दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जल गया।
गांव के मथुरा प्रसाद जायसवाल ने अपने घर से कुछ दूरी पर दूसरे मकान में जनरल स्टोर की दुकान खोल रखी थी। रोज की तरह बृहस्पतिवार की रात वह दुकान बंद कर घर चले गए थे।
भोर में पास में ही रहने वाले एक व्यक्ति ने धुआं उठता देखा तो शोर मचाया। सूचना मिलते ही दुकान मालिक मौके पर पहुंचे और ताला खोलकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन तब तक आग बेकाबू हो चुकी थी। ग्रामीणों के अथक प्रयास से किसी तरह आग पर काबू पाया गया। दुकानदार मथुरा प्रसाद के अनुसार आग में फ्रिज समेत जनरल स्टोर का सारा सामान नष्ट हो गया। आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों ने बताया कि अगर समय पर फायर ब्रिगेड की मदद मिलती तो नुकसान को कम किया जा सकता था।