राबर्ट्सगंज नगर पालिका परिषद कार्यालय में नपा चेयरमैन और ईओ को ज्ञापन सौपते कांग्रेस कमेटी के प?
- फोटो : SONBHADRA
नगर में पाइपलाइन से आ रहे पानी में दुर्गंध का आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर विरोध जताया। पालिका कार्यालय के सामने नारेबाजी की। चेयरमैन व ईओ से बोतल में भरा गंदा पानी दिखाते हुए कहा कि ऐसा ही पानी नल से आ रहा है। आप इसे पीकर दिखा दें तो जनता भी पीने को तैयार है।
शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजीव त्रिपाठी और जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व कार्यवाहक अध्यक्ष हाजी फरीद अहमद के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका कार्यालय पर पहुंच कर शुद्ध पानी की आपूर्ति कराने की मांग को लेकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं का कहना था कि नगर पालिका से लगातार गंदे पानी की आपूर्ति की जा रही है। मटमैले पानी से दुर्गंध आ रहा है। इसे पीना तो दूर नहाने-धोने के कार्यों में भी उपयोग में नहीं लिया जा सकता।
इससे तमाम बीमारियों का खतरा बना हुआ है। डायरिया, मलेरिया, पीलिया जैसी बीमारी से लोग ग्रसित हो रहे हैं। चेतावनी दी कि अगर तीन दिन के भीतर शुद्ध पानी की आपूर्ति नहीं की जाती तो पार्टी कार्यकर्ता आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। ज्ञापन देने वालों में जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र पासवान, इं. शिव प्रसाद यादव, शत्रुंजय मिश्रा, शंकरलाल भारती, आजम खान, सरफराज अहमद, सभासद गप्पू जायसवाल आदि शामिल रहे।