भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार पर राहुल गांधी की जासूसी कराने का आरोप लगाया है। क्षुब्ध कार्यकर्ताओं ने रविवार को सिंचाई डाक बंगले के पास देश के गृहमंत्री राजनाथ सिंह का पुतला फूंककर विरोध जताया।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार कांग्रेस के नेताओं की जासूसी कराना बंद करे और देश के लोगों से किया गया विकास का वादा पूरा करें।
छात्र संगठन के कार्यकर्ता रविवार को सिंचाई डाक बंगले पर इकट्ठा हुए। यहां कार्यकर्ताओं ने कुछ दूर तक पैदल मार्च निकाला और फिर सिंचाई डाक बंगला के पास वापस पहुंचकर देश के गृहमंत्री राजनाथ सिंह का पुतला फूंका।
इसके बाद हुई सभा में जिलाध्यक्ष शशांक मिश्रा ने कहा कि केंद्र सरकार तानाशाही रवैया अपनाकर विपक्षी पार्टियों के प्रमुखों की जासूसी करवा रही है। इसे छात्र संगठन के कार्यकर्ता किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेंगे।
युवा नेता शिवाजी सरकार ने कहा कि राहुल गांधी की जासूसी कराकर केंद्र सरकार ने अपने गंदे दामन को छिपाने का काम किया है।
गृह मंत्री राजनाथ सिंह अपना रवैया सुधारें और अपना दामन साफ रखें, फिर किसी की जासूसी कराएं। छात्र संगठन और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर जो भी लाठी चार्ज कराया गया वह निंदनीय है।
शशि प्रकाश मिश्रा ने कहा कि मोदी की गलत नीतियों के चलते देश के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सोनेंद्र सिंह रघुवंशी ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता कहीं भी आंदोलन गांधीवादी तरीके से करते हैं। उन पर लाठी चार्ज कराना दमनात्मक रवैये का परिचायक है।
इस मौके पर शुभम पांडेय, पुष्पेंद्र शुक्ला, कृष्ण सेवक, अनिल चौबे, सुदीप चौबे, विकास पांडेय, सुमित सोनी, गणेश चौबे, मजहर हुसैन और सूरज आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।