राबर्ट्सगंज में जिला कांग्रेस कमेटी के पद यात्रा में शामिल पदाधिकारी। संवाद
- फोटो : SONBHADRA
कांग्रेस कमेटी के निर्देश में रविवार को जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में महंगाई हटाओ पदयात्रा निकाली गई। देश के प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू के जीवन वृत्त पर चर्चा करते हुए पदयात्रा आगे बढ़ी। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने महंगाई पर रोक लगाने और आगामी चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनाने के लिए भी जनता से समर्थन की अपील की।
राबर्ट्सगंज विधानसभा में शहर अध्यक्ष राजीव त्रिपाठी के नेतृत्व में कार्यक्रम हुआ। मुख्य अतिथि उप्र कांग्रेस कमेटी के सचिव अशोक विश्वकर्मा ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने कहा कि पंडित नेहरू ने जिले में रिहंद डैम, चुर्क सीमेंट फैक्ट्री, ओबरा विद्युत परियोजना सहित तमाम कल कारखाने की सौगात दी। नगर अध्यक्ष राजीव त्रिपाठी ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता प्रियंका गांधी की प्रतिज्ञा को जन-जन तक पहुंचाने का काम करेंगे। इसके बाद मेन चौक होते हुए चंडी होटल, आंबेडकर नगर, राम सरोवर पोखरा, नई मस्जिद, दलित बस्ती, बैंक ऑफ बड़ौदा स्टेडियम के रास्ते, महिला थाना रेलवे फाटक होते हुए वार्ड नंबर चार से दुर्गा मंच पर नुक्कड़ सभा कर यात्रा का समापन हुआ। यात्रा में मुख्य रूप से जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष जितेंद्र पासवान, संगीता श्रीवास्तव, शैलेंद्र चतुर्वेदी, आकाश वर्मा, सुनील गुप्ता, राबर्ट्सगंज विधानसभा प्रभारी विनयकांत चतुर्वेदी, शहर कांग्रेस कमेटी के सचिव शांति विश्वकर्मा, ऊषा सिंह, शहर कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष देवी सिंह, शहर महासचिव प्रांजल श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।