वर्षों से बदहाल जिले की 108 सड़कों के दिन जल्द बहुरने वाले हैं। साढ़े 16 करोड़ रुपये खर्च कर इन सड़कों का नवीनीकरण कराया जाएगा। पीडब्ल्यूडी ने इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी है। एक माह के अंदर कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
इनमें ज्यादातर सड़कें नगवां, चतरा, कोन और दुद्धी ब्लॉक क्षेत्र की हैं। करीब दो लाख से अधिक की आबादी इससे लाभान्वित होगी। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों की हालत खराब है। कई सड़कें लंबे समय से क्षतिग्रस्त हैं। वर्षों पहले निर्माण के बाद से उनकी सुध नहीं ली गई।
टूटी सड़कों पर आए दिन हादसे भी हो रहे हैं। सड़कों की मरम्मत के लिए ग्रामीण लगातार उच्चाधिकारियों से मांग करते रहे हैं, मगर आश्वासन ही मिलता रहा है। अब इन सड़कों को दुरुस्त करने की कवायद शुरू की गई है।
लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-2 के अंतर्गत तीन चरणों में 108 सड़कों को नवीनीकरण के लिए चिह्नित किया गया है। इन सड़कों की कुल लंबाई 135 किमी से ज्यादा है। नवीनीकरण के लिए चयनित कई सड़कें ऐसी हैं, जो 8-10 साल पहले बनी थीं। नवीनीकरण के बाद संबंधित ग्रामीणों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।
इन प्रमुख सड़कों पर होगा कार्य
बेलखुरी-तिवारीपुर नौगढ़ मार्ग से सेनुहारी, शिवपुर मार्ग, ब्रह्ममोरी संपर्क मार्ग, कचनरवा से सतद्वारी होते हुए सरैया मार्ग, बसुहारी पुलिस कैंप मार्ग, धंधरौल से बीरबल साइफन मार्ग, निमियाडांड मार्ग, विंढमगंज मुख्य मार्ग से छुहियाघाटी मार्ग, वैनी सरई करौली मार्ग से नरउज मार्ग, कर्मनाशा कट नेवारी से सोढ़ा मार्ग, वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे से बलुहवा टोला मार्ग, वाराणसी-शक्तिनगर से नौटोलिया मार्ग, निगाई में बगसूता मार्ग, पल्हारी (सथारी) मार्ग सहित अन्य ग्रामीण संपर्क मार्ग शामिल हैं।
जिले की 108 सड़कों का नवीनीकरण होना है। इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। एक से डेढ़ माह के अंदर सभी चिह्नित सड़कों पर कार्य आरंभ करा दिया जाएगा। सड़कों के नवीनीकरण कार्य पर करीब 16.41 करोड़ रुपये की धनराशि खर्च होगी।
-गोविंद प्रसाद यादव, एक्सईएन, निर्माण खंड द्वितीय।