तेलगुडवा-कोन मार्ग के कोटा में शनिवार को जाम के कारण आवागमन ठप हो गया है। मार्ग पर 20 घंटे से लगे जाम के कारण लोग बेहाल हो उठे। जाम के चलते लोगों ने प्रशासनिक व्यवस्था पर नाराजगी जताई। शुक्रवार की शाम को ओवरलोड बालू लदे ट्रक का गुल्ला टूटने से जाम की स्थिति बनी थी।
चोपन थाना क्षेत्र के कोटा में मार्ग पर बालू ओवरलोड ट्रक का गुल्ला टूट जाने से शुक्रवार की शाम से लगा जाम शनिवार रात तक चला। जाम के चलते सभी वाहनों का आवागमन ठप हो गया। शनिवार को 11 बजे जाम धीरे-धीरे खुल रहा था तभी दूसरा ट्रक मार्ग पर खराब हो गया। जाम के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गयी। दो से तीन किमी तक जाम लगा रहा। मार्ग जाम के कारण तेलगुड़वा में यात्रियों का जमावड़ा लगा रहा।
टंेपो से यात्री कोटा से तीन किमी पहले उतरकर पैदल ही कोटा कनहर पुल तक पहुंच कर कोन जाने के लिए वाहन पकड़ रहे थे। बच्चे भी जाम में फंसे रहे जो स्कूल नहीं पहुंच सके। बस सवार कई मरीजों को राबर्ट्सगंज पहुंचना था, जो पैदल जाम को पारकर तेलगुडवा तक पहुंच पाये।