सोनभद्र। नीति आयोग के आकांक्षात्मक जनपद कार्यक्रम एवं आकांक्षात्मक विकास खंड कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित सम्पूर्णता अभियान के उत्कृष्ट परिणामों को देखते हुए 1 अगस्त को जनपद स्तर पर सम्पूर्णता सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने दी।
सीडीओ ने बताया कि जुलाई से सितंबर 2024 तक चले इस अभियान के दौरान चिन्हित 6 इंडिकेटर में से जनपद स्तर पर 4 तथा विकास खंड चतरा में 5 इंडिकेटर शत-प्रतिशत संतृप्त किए गए। वहीं, 42 आकांक्षात्मक विकास खंडों में 3 या उससे अधिक इंडिकेटर पूर्ण हुए, जबकि 25 खंडों में 2 या उससे कम।
समारोह 1 अगस्त को पूर्वाह्न 11 बजे विवेकानंद प्रेक्षागृह, राबर्ट्सगंज में आयोजित होगा, जिसमें जनपद व विकास खंड स्तरीय अधिकारियों तथा फ्रंटलाइन वर्कर्स को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही वोकल फॉर लोकल की तर्ज पर एक सप्ताह तक आकांक्षा हाट का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें स्थानीय कारीगरों द्वारा निर्मित उत्पादों व हस्तशिल्पों की प्रदर्शनी लगेगी।
कार्यक्रम स्थल पर महिलाओं के लिए सफाई व मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। आयोजन की जिम्मेदारी उपायुक्त स्वतः रोजगार को दी गई है, जबकि विकास खंड चतरा के खंड विकास अधिकारी सह-नोडल अधिकारी होंगे। संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।