कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा करते डीएम चर्चित गौड।स्रोत सूचना विभाग
सोनभद्र। आगामी मानसून को देखते हुए नगर क्षेत्रों में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए डीएम चर्चित गौड़ ने नगर निकायों को समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नगर निकायों में उपलब्ध बजट के सापेक्ष कराए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में डीएम ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीएम ने सभी ईओ को निर्देशित करते हुए कहा कि नगर क्षेत्रों के सभी नालों की सफाई बरसात शुरू होने से पहले अनिवार्य रूप से पूरी कर ली जाए। सफाई कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निकाय क्षेत्रों में आगामी एक सप्ताह तक प्रतिदिन सुबह सात बजे से विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए और इसकी दैनिक रिपोर्ट प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि नालों की सफाई और स्वच्छता कार्यों की प्रगति की समीक्षा वीडियो कॉल के माध्यम से भी की जाएगी। डीएम ने निर्देश दिया कि सभी सौंदर्यीकरण कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं, जिससे धार्मिक स्थलों की गरिमा और आकर्षण में वृद्धि हो। उन्होंने नगर पालिका क्षेत्र में एक आधुनिक ऑडिटोरियम के निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित कर प्रस्ताव उच्च स्तर पर भेजने के भी निर्देश दिए।