सोनभद्र। अधूरी सीसी सड़क का कार्य पूर्ण कराने की मांग को लेकर राबर्ट्सगंज से सटे बभनौली गांव में शुक्रवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि बारिश शुरू होने से पूर्व सड़क का निर्माण कार्य पूर्ण नहीं किया गया तो वृहद आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान प्रधान राधिका देवी ने कहा कि पिछले करीब तीन माह से सड़क पर गिट्टी डालकर छोड़ दिया गया है।
कई बार कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य पूर्ण कराने के लिए कहां गया, लेकिन अभी तक नहीं हुआ। जबकि सड़क पर सोलिंग होने से राहगीरों को आने जाने में परेशानी हो रही है। छोटे-छोटे बच्चे गिरकर चुटहिल हो रहे है। ग्रामीणों ने कहा कि बारिश शुरू होने से पूर्व सड़क का कार्य पूर्ण नहीं हुआ तो कीचड़युक्त हो जाएगी। डीएम का अपनी समस्या की ओर ध्यान आकृष्ट कराते हुए सड़क बनवाने की मांग की। इस मौके पर रामबली, बसीर अहमद, मंजूर आलम, सुभाष, कमलेश, सावित्री, अल्का आदि मौजूद रहीं।