राबर्ट्सगंज तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस पर जन समास्या सुनते एसडीएम रमेश कुमार।
- फोटो : SONBHADRA
जिले की तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस में 156 मामले आए। ज्यादातर स्थानों पर फरियादियों की उपस्थिति कम रही। अधिकारी काफी देर तक उनके आने का इंतजार करते रहे। सबसे ज्यादा 94 प्रकरण सदर तहसील में थे। मुख्य कार्यक्रम ओबरा में रहा, जहां एडीएम और एएसपी ने शिकायतें सुनीं। कुल 15 मामलों का मौके पर निस्तारण करते हुए शेष प्रकरणों को संबंधित अधिकारियों के सुपुर्द कर दिया।
सदर तहसील में एसडीएम रमेश कुमार की अध्यक्षता में शिकायतें सुनी गईं। ज्यादातर प्रकरण जमीन, राशन कार्ड, मनरेगा और निर्माण कार्यों से जुड़े रहे। कुल 94 मामलों में से तीन का मौके पर निस्तारण किया गया। चार प्रकरणों के लिए टीम बनाकर रवाना किया गया। उनका भी देर शाम तक निस्तारण कर दिया गया था। इस मौके पर सीओ सदर चारू द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
तहसील घोरावल में एसडीएम श्याम प्रताप सिंह, सीओ संजीव कटियार के समक्ष दस मामले आए। इसमें तीन का निस्तारण हुआ। ओबरा में एडीएम सहदेव कुमार मिश्र, एएसपी कालू सिंह ने शिकायतें सुनी। गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। एडीएम ने हिदायत दी कि जो भी मामले किन्हीं कारणों से लंबित रहते हैं तो उसके बारे में उच्चाधिकारी को अवश्य सूचना दें। जमीन संबंधी विवादों में पुलिस और राजस्व की संयुक्त टीम मौके पर भेजने की बात कही। कुल 24 शिकायतें आई, जिसमें दो का निस्तार हुआ। इस मौके पर तहसीलार सुशील कुमार, नायब तहसीलदार रजनीश कुमार, अपर मुख्य अधिकारी प्रदीप कुमार के अलावा चोपन एवं ओबरा नगर पंचायत के प्रभारी ईओ महेंद्र कुमार सिंह, थाना प्रभारी मिथिलेश कुमार मिश्रा आदि मौजूद रहे।
दुद्धी: एसडीएम शैलेंद्र कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस संपन्न हुआ। कुल 28 मामलों में तीन का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष 25 प्रकरणों को समयबद्ध तरीके से निस्तारित करने के लिए संबन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।