Sonbhadra News: सोनभद्र जिले में चोपन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर सीएमओ ने शुक्रवार को औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गंदगी मिलने पर कड़ी नाराजगी जताई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. अश्विनी कुमार ने शुक्रवार को चोपन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में गंदगी देखकर उन्होंने नाराजगी जाहिर की और सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए जिम्मेदार कर्मचारियों को फटकार लगाई। सीएमओ ने कहा कि अस्पतालों में गंदगी और अनियमितता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विज्ञापन
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने कहा कि सभी निजी अस्पतालों को आगामी 6 मई तक अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराना होगा। निर्धारित समयसीमा के बाद यदि कोई निजी अस्पताल बिना पंजीकरण के संचालित पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि चोपन सीएचसी में अल्ट्रासाउंड सेवा शुरू करने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जा चुका है। जैसे ही डॉक्टर की तैनाती होगी, मशीन को तत्काल चालू कर दिया जाएगा। सीएमओ ने आयुष्मान भारत योजना के क्रियान्वयन को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शासन स्तर पर पत्राचार किया गया है और आवश्यक कार्रवाई जल्द की जाएगी।