सोनभद्र। सीएमओ डॉ. अश्वनी कुमार ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मधुपुर का निरीक्षण किया। वहां अधीक्षक डाॅ. आरएन सिंह की उपस्थिति में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान दो चिकित्सक डाॅ. मनीष तिवारी व डाॅ. संजय सोनकर बिना अवकाश गायब मिले। इनके अतिरिक्त वरिष्ठ सहायक संजीत गौतम भी बिना किसी सूचना के अनुपस्थित पाए गए। सीएमओ ने अधीक्षक को अनुपिस्थत डॉक्टरों और कर्मचारियों का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण तलब किया।
इसके अतिरिक्त डाॅ. अजीत कश्यप आकस्मिक अवकाश पर थे। सीएचओ अनुराधा खरवार की ओर से मरीजों की स्कीनिंग नहीं पूर्ण की गई थी। इसके लिए उन्हें चेतावनी दी गई। सीएमओ ने पैथोलाजी यूनिट का निरीक्षण किया। पाया गया कि बायोकेमिस्ट्री एनालायजर दो दिन से बंद है। इसे जल्द ठीक कराने के निर्देश दिए गये। अस्पताल में गंदगी पर साफ-सफाई के लिए निर्देशित किया। सीएमओ ने परिसर में ही संचालित वीएचएसएनडी सत्र का निरीक्षण किया गया। जांच में सामने आया कि केंद्र पर डिलीवरी नहीं कराई जाती। मात्र टीकाकरण होता है। इस संबंध में सीएमओ ने अधीक्षक से एएनएम के तीन माह के कार्य के आधार पर जुलाई की समीक्षा करते हुए आख्या प्रस्तुत करने को कहा।