सीएम अखिलेश यादव के 31 मार्च को अनपरा आगमन के मद्देनजर मंडलायुक्त अनिल कुमार ने शुक्रवार को अनपरा पहुंचकर तैयारियों की समीक्षा की।
सभास्थल, हैलीपैड और सीएम से जुड़े रूट के साथ ही अनपरा डी का निरीक्षण किया। दामिनी अतिथि गृह में परियोजना अधिकारियों और प्रशासनिक अमले के साथ बैठक कर भी जरूरी जानकारी हासिल की।
दोपहर एक बजे के करीब पहुंचे मंडलायुक्त ने ऊर्जा सलाहकार एससी राय, परियोजना प्रमुख इं. त्रिभुवन तिवारी, अनपरा डी महाप्रबंधक इं. आरके वाही, डीएम संजय प्रसाद, एडीएम मनीलाल यादव, एसडीएम दुद्धी गिरिजाशंकर सिंह आदि के साथ दामिनी अतिथि गृह में बैठक कर सुरक्षा और तैयारियों से जुड़ी जानकारी ली। इसके बाद सीआईएसएफ ग्राउंड स्थित सभास्थल, अंबेडकर विद्या मंदिर मैदान स्थित हैलीपैड, सीएम से जुड़े रूट और परियोजना का निरीक्षण कर सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया।
मंडलायुक्त ने दामिनी अतिथि गृह में ऊर्जांचल परिक्षेत्र स्थित परियोजना प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर एनजीटी के निर्देश पर प्रदूषण प्रभावित गांवों में हो रही शुद्ध पेयजल व्यवस्था की जानकारी ली।
कहा कि सीएम अनपरा डी का लोकार्पण तो करेंगे ही साथ ही जनपद सहित प्रदेश को यहां से कई सौगात भी प्रदान करेंगे। वहीं राज्य उत्पादन निगम के सलाहकार एससी राय ने गुरुवार की रात और शुक्रवार की शाम अनपरा डी परियोजना के कार्य की स्थिति जानने के साथ ही सीएम को लेकर हो रही तैयारियों का निरीक्षण किया।