फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीएम 22 को करेंगे 3212 करोड़ की पेयजल परियोजनाओं का शुभारंभ

विज्ञापन
विज्ञापन
सोनभद्र। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अब मिर्जापुर की बजाय सोनभद्र में 22 नवंबर को आयोजित कार्यक्रम के दौरान जल जीवन मिशन के तहत स्वीकृत जलापूर्ति की 15 परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम बुधवार को देर रात आने पर जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। कुल 3212.18 करोड़ रुपये की लागत वाली परियोजनाओं के तहत प्रस्तावित कार्य पूरे होने पर जिले के 1389 गांवों के साढ़े बारह लाख से अधिक लोगों के लाभान्वित होने की उम्मीद है।जिलाधिकारी एस राजलिंगम ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 नवंबर को सुबह 10.30 बजे भेलाही में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जल जीवन मिशन के तहत स्वीकृत जलापूर्ति की 15 परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी परियोजनाओं से संबंधित चार गांवों के लोगों से वर्चुअल संवाद कर वस्तुस्थिति की जानकारी लेंगे। मुख्यमंत्री को पहले मिर्जापुर में आयोजित कार्यक्रम स्थल से वर्चुअल माध्यम से जिले की परियोजनाओं का शुभारंभ करना था। अब इस कार्यक्रम में फेरबदल कर दिया गया है। मुख्यमंत्री जिले के भेलाही में 22 नवंबर को आयोजित कार्यक्रम के दौरान परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे।
विज्ञापन

उधर, इसकी तैयारी को लेकर बुधवार को कार्यदायी संस्था स्टेट वाटर एंड सैनिटेशन मिशन (एसडब्ल्यूएसएम) के अधिशासी निदेशक सुरेंद्र राम ने डीएम एस राजलिंगम व सीडीओ डा.अमित पाल शर्मा के साथ गुरमुरा ग्राम पंचायत का निरीक्षण किया। गुरमुरा व पनारी में 213 करोड़ रुपये की लागत से पाइप लाइन पेयजल परियोजना का काम प्रस्तावित है। गुरमुरा गांव में अधिकारियों ने परियोजना के तहत प्रस्तावित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण स्थल को देखा। साथ ही ग्रामीणों से पेयजल समस्या के संबंध में बात भी की। ग्रामीणों ने बताया कि यहां दूषित पानी आता है। ज्यादातर हैंडपंपों के पानी में आयरन की अधिकता है। निदेशक के साथ ही डीएम ने ग्रामीणों से स्थानीय समस्याओं के बारे में जानकारी ली। यहां डीएम ने ओवी वैन की व्यवस्था, ग्रामीणों को एक जगह इकट्ठा करने व इसके लिए पूरी तैयारी के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश भी दिया। यहां निरीक्षण के बाद टीम लौट आई।
जिलाधिकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री परासी, झीलो, बीजपुर व पटवध के ग्रामीणों से वर्चुअल संवाद करेंगे। परियोजनाओं के तहत प्रस्तावित कार्य 2022 तक पूरा कर लेने का लक्ष्य है। नोडल बनाए गए लघु सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता संजय शर्मा ने बताया कि इन परियोजनाओं में परासी पेयजल पाइप लाइन परियोजना की लागत 312.51 लाख रुपये है। इसी तरह झीलो, बीजपुर 727.59 लाख रुपये, अमवार 206.72 लाख रुपये, गुरमुरा, पनारी 13.17 रुपये, नगवां, तेंदुआही 220.40 लाख रुपये, बेलाही 222.29 लाख रुपये, हर्रा, कदरा, नेवारी 261.99 लाख रुपये, केवथा 108.89 लाख रुपये और पटवध पाइप लाइन पेयजल परियोजना की निर्माण लागत 938.63 लाख रुपये है। सभी परियोजनाओं की कुल लागत 3212.18 करोड़ रुपये है।
विज्ञापन

इनसेट
अलग-अलग नदियों व डैम के पानी को शुद्ध कर की जाएगी जलापूर्ति
सोनभद्र। जल जीवन मिशन के तहत स्वीकृत पटवध, कदरा, नवारी, केवधा व हर्रा समेत पांच ग्राम समूह पाइप पेयजल परियोजनाओं के लिए सोन नदी से पानी लेकर उसे अलग-अलग स्थानों पर बनने वाले वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में शुद्ध किया जाएगा। इसके बाद संबंधित गांवों में जलापूर्ति की व्यवस्था की जाएगी। इसी तरह से गुरमुरा व पनारी ग्राम समूह पेयजल परियोजनाओं के लिए ओबरा डैम से पानी लेकर शुद्ध करने के बाद जलापूर्ति की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा अमवार ग्राम समूह पाइप पेयजल योजना के लिए कनहर बांध से पानी से लेकर जलापूर्ति की व्यवस्था की जाएगी। नगवां डैम से तेंदुआही और नगवां ग्राम समूह पाइप पेयजल परियोजनाओं के लिए पानी लिया जाएगा। धधरौल डैम से बेलाही ग्राम समूह योजना के लिए पानी लिया जाएगा। इसके अलावा रिहंद डैम से बेलवाडीह, परासी, झीलो व बीजपुर समेत कुल चार परियोजनाओं के लिए पानी लेकर शुद्ध करने के बाद जलापूर्ति की व्यवस्था की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें