सोनभद्र। राबर्ट्सगंज नगर सहित अन्य इलाकों में रात्रि प्रकाश की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगभग साढ़े आठ करोड़ की योजना बनाई गई है। इसके तहत सड़कों के किनारे लगे खंभों पर एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाई जाएगी। प्रमुख चौराहों पर हाईमास्ट लाइट भी लगेगी। बिजली विभाग की ओर से करीब साढ़े आठ करोड़ का प्रस्ताव तैयार कर जिला प्रशासन के पास भेज दिया गया है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलते ही इस पर कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
जिले के प्रमुख धार्मिक और सार्वजनिक स्थानों पर रात्रि में पथ प्रकाश की मुकम्मल व्यवस्था नहीं है। शाम होते ही सड़कों पर अंधेरा छाने से राहगीरों को आवागमन में काफी परेशानी होती है। आए दिन हादसे भी होते रहते हैं। पथ प्रकाश की व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए बिजली विभाग ने पहल की है। विभाग की ओर से एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए प्रस्ताव तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजा गया है। ओबरा मार्ग स्थित शारदा मंदिर व उसके आसपास और शारदा मंदिर से बिल्ली रेलवे स्टेशन मार्ग पर एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए करीब पांच करोड़ तीन लाख का प्रस्ताव है। शिवद्वार मंदिर व उसके आसपास, एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए एक करोड़ 26 लाख, दुर्गा मंदिर डाला से बिल्ली रेलवे क्रॉसिंग तक एलईडी स्ट्रीट लाइट के लिए 57 लाख, वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर कलेक्ट्रेट सोनभद्र तिराहे पर हाई मास्ट लाइट लगाने के लिए 27 लाख और राबर्ट्सगंज नगर में फ्लाईओवर के नीचे दोनों तरफ विद्युत खंभों पर एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए एक करोड़ 32 लाख रुपये का प्रस्ताव तैयार कर डीएम के पास भेजा गया है। इनके अलावा अन्य स्थानों पर भी एलईडी स्ट्रीट लाइट लगवाने के लिए प्रस्ताव तैयार कराया जा रहा है।
फ्लाईओवर के नीचे चलने में डरते हैं लोग
सोनभद्र। जिले की इकलौती नगर पालिका राबर्ट्सगंज में फ्लाईओवर का निर्माण कराया गया है। फ्लाईओवर के नीचे दोनों तरफ विद्युत खंभों पर एलईडी स्ट्रीट लाइट का इंतजाम न होने से रात में अक्सर दो-चार पहिया वाहनों की चपेट में आकर लोग जख्मी हो जाते हैं। इतना ही नहीं रात में राहगीर आने-जाने में डरते हैं, क्योंकि चारों तरफ अंधेरा रहता है। इससे निजात दिलाने के लिए बिजली विभाग ने फ्लाईओवर ब्रिज के नीचे दोनों तरफ लगे विद्युत खंभों पर एलईडी स्ट्रीट लाइट लगवाने का निर्णय लिया है।
बिजली विभाग की ओर से राबर्ट्सगंज नगर के अलावा अन्य इलाकों में एलईडी स्ट्रीट लाइट लगवाने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। प्रस्ताव का अवलोकन किया जा रहा है। रात्रि में पथ प्रकाश के बेहतर इंतजाम पर जोर है। - योगेंद्र बहादुर सिंह, अपर जिलाधिकारी सोनभद्र।