दुद्धी नगर के टीसीडी मैदान में चल रहे 38वें अंतरराज्यीय क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला मेजबान दुद्धी और चोपन की टीम के बीच खेला जाएगा। मंगलवार को दूसरे सेमीफाइनल में चोपन की टीम ने पीडीडीयूनगर को 50 रन से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
दुद्धी की टीम पहले ही फाइनल में पहुंच चुकी है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चोपन की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में सभी विकेट खोकर 216 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज साहिल ने 32 गेंद पर आठ छक्के और एक चौका की मदद से 62 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली।
निर्भय ने 32, सारांश ने 27 व यशस्वी ने 22 रन बनाए। पीडीडीयूनगर के गेंदबाज प्रतीक ने तीन, विनोद व अजमत ने दो-दो विकेट चटकाए। दूसरी पारी में बल्लेबाजी के लिए उतरी पीडीडीयूनगर की टीम 18.1 ओवर में 166 रनों पर ढेर हो गई।
सचिन ने 50 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। इसके अलावा अभिषेक 22 और शुभम ने 21 रन बनाए। चोपन के प्रवेश ने तीन, रोशन व कार्तिक ने दो-दो विकेट हासिल किए। सर्वाधिक रन बनाने वाले साहिल को मैन ऑफ द मैच घोषित कर सीएचसी अधीक्षक डॉ. शाह आलम अंसारी के हाथों पुरस्कृत किया गया।
मैच के अंपायर सुनील गुप्ता व रजत राज रहे। कमेंट्री सुनील जायसवाल व सलीम खान ने की। स्कोरिंग राजू शर्मा व निशांत मोहन ने किया। फाइनल मैच बुधवार को मेजबान दुद्धी व चोपन के बीच खेला जाएगा।