सोनभद्र। नगर के हाइडिल मैदान में विधायक खेल महाकुंभ में शुक्रवार को चोपन ने मेरठ की टीम को हराया। मैन ऑफ द मैच चोपन के दुर्गेश मंडेला को चुना गया। उन्होंने 21 रन देकर 3 विकेट लिए और 15 रन भी बनाए।
विधायक भूपेश चौबे व अनंतू शर्मा ने टॉस कराकर मैच का शुभारंभ कराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए चोपन ने निर्धारित 16 ओवर में 9 विकेट खोकर 156 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। चोपन की तरफ से अवनीश ने 23 गेंदों का सामना कर 8 चौके 3 छक्के की मदद से 48 रनों की पारी खेली। मेरठ की तरफ से अपूर्व विक्रम सिंह ने 4 ओवर में 17 रन देकर 5 विकेट चटकाए। जवाब में मेरठ की टीम 15 ओवर में 136 रन पर ढेर हो गई। मेरठ के एमएस आलम ने 19 गेंदों का सामना कर छह छक्के और एक चौके से शानदार 47 रनों की पारी खेली, बावजूद इसके टीम को जीत नहीं दिला सके। मुख्य अतिथि भाजपा नेता संजीव त्रिपाठी ने मैन ऑफ द मैच काे पुरस्कृत किया। इस मौके पर भाजपा जिला महामंत्री कृष्ण मुरारी गुप्ता, प्रधान संघ अध्यक्ष सुरेश शुक्ला, कमेंट्रेटर नवल वाजपेई, अमित पांडेय मौजूद रहे। अंपायर की भूमिका अंशु व विनय ने निभाई।