घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के मरसड़ा गांव में मंगलवार की दोपहर गड्ढे में डूबकर चार वर्षीय एक बालक की मौत हो गई। आनन फानन में परिजन उसे घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मरसड़ा निवासी अंकित (4) पुत्र अवधेश मंगलवार को दोपहर के समय घर के पास खेल रहा था। अंकित खेलते खेलते अचानक घर के पास एक गड्ढे के नजदीक चला गया और किसी तरह वह एक गड्ढे में जा गिरा। जब वह घर में नहीं दिखाई दिया तो थोड़ी देर बाद घर के लोगों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। किसी की निगाह गड्ढे मे पड़ी तो अंकित को बाहर निकालकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस को बगैर कोई सूचना दिए परिजन उसके शव को लेकर घर चले गए।