घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के कन्हारी गांव में शनिवार की शाम बारिश के दौरान बिजली गिरने से एक बालक की मौत हो गई, वहीं एक अन्य बालक झुलस गया। दोनों चचेरे भाई बताए जा रहे हैं।
घोरावल कोतवाली क्षेत्र के कन्हारी गांव में शनिवार की शाम तेज गरज चमक के साथ बारिश होने लगी। इसी दौरान कन्हारी निवासी रामसिंह (10) पुत्र कलंदर कोल अपने चचेरे भाई रोहित (7) पुत्र मिठाईलाल के साथ अपने गायों व मवेशियों को देखने के लिए खेत पर जा रहा था। घर से करीब 200 मीटर दूर अचानक बिजली गिर पड़ी।बिजली की चपेट में आकर रामसिंह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, वहीं रोहित झुलस गया। हादसे के बाद गांव में हड़कंप मच गया।कन्हारी के पूर्व ग्राम प्रधान कैलाश सिंह बैसवार तत्काल मौके पर पहुंचे और एम्बुलेंस व पुलिस प्रशासन के अधिकारियों को हादसे की जानकारी दी। एम्बुलेंस रामसिंह व रोहित को घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां रामसिंह को मृत घोषित कर दिया गया। उधर, घटना की सूचना पर तहसीलदार विकास पांडेय अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। तहसीलदार विकास पांडेय ने बताया कि कन्हारी गांव में बिजली गिरने से एक बच्चे की मौत हुई है, जबकि एक अन्य बालक घायल हुआ है।मृतक के पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शासन द्वारा नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।