मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को प्रदेश भर के नव निर्वाचित ग्राम प्रधानों से जुड़ेंगे। वैसे तो सभी प्रधान मुख्यमंत्री को सीधे सुनेंगे, लेकिन कुछ प्रधान ऐसे हैं जो सीएम से बात भी कर सकेंगे। बात करने वालों में सोनभद्र के बभनी ब्लाक में स्थित मुनगाडीह ग्राम पंचायत की प्रधान गुड़िया भी हैं। मुख्यमंत्री इनसे बातचीत करेंगे और ग्राम पंचायत में कराए जाने वाले विकास कार्यों के बारे में इनका भी विचार लिया जाएगा।
जिला पंचायत राज अधिकारी विशाल सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री कार्यालय से कुछ प्रधानों के नाम फाइनल किए गए हैं। उनसे बभनी ब्लाक के मुनगाडीह की गुड़िया देवी का नाम है। उनसे मुख्यमंत्री बातचीत करेंगे। गुड़िया देवी पहली बार प्रधान चुनी गई हैं। अनुसूचित जनजाति वर्ग से संबंध रखने वाली गुड़िया स्नातक हैं। वह स्वयं सहायता समूह से जुड़कर गांव के लोगों को पहले से ही जागरूक करती रही हैं। अब उनके प्रधान बनने से गांव में जागरूकता और बढ़ेगी।