वैश्विक महामारी कोरोना वायरस को लेकर सोनभद्र प्रशासन अलर्ट है। बुधवार को उपजिलाधिकारी दुद्धी तथा क्षेत्राधिकारी दुद्धी ने छत्तीसगढ़ बार्डर आसनडीह सीमा को पूरी तरह से सील कर दिया है। बुधवार को एसडीएम दुद्धी सुशील कुमार यादव तथा क्षेत्राधिकारी दुद्धी संजय कुमार वर्मा ने छत्तीसगढ़ बार्डर आसनडीह का जायजा लेने पहुंचे।
एसडीएम ने छत्तीसगढ़ से यूपी तथा यूपी से छत्तीसगढ़ आने जाने वाले सभी वाहनों पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। छत्तीसगढ़ से यूपी बनारस मंडी में सब्जी लेकर जाने वाली पीठ अप गाड़ियों पर भी रोक लगा दी है। आसनडीह बार्डर पर 24 घंटे पुलिस व पीएसी के जवान तैनात कर दिए गए हैं। क्षेत्राधिकारी दुद्धी ने प्रभारी निरीक्षक अविनाश चंद्र सिन्हा को लाक डाउन का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस जैसे महामारी से निपटने के लिए सभी को सुरक्षित रहने की जरूरत है। बगैर काम के कोई भी व्यक्ति अपने घरों से बाहर न निकलें।