सोनभद्र। रेलवे में नौकरी में नाम पर फर्जी ज्वाइनिंग लेटर देकर चार लाख की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज कर लिया है।
करमा थाना क्षेत्र के सेमरी मिश्र निवासी विपिन मिश्र ने बताया कि डेढ़ साल पूर्व वह छपका स्थित पेंटर की दुकान पर वाहन बनवा रहा था। उसी दुकान पर बभनी निवासी शमसुद्दीन उर्फ डब्बू ने खुद को सीआईडी आफिसर बताया। उसने चार लाख रुपये में रेलवे में नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद कई बार में 3.58 लाख भेज दिए। इसके बाद उसके नाम का रेलवे का नियुक्ति पत्र आ गया।
पत्र छह जनवरी 2023 को व्हाट्सएप पर आया। इसके बाद एक अन्य अधिकारी को पैसे देने के नाम पर 50 हजार और उसने ले लिए। प्रयागराज पहुंचने पर अगले दिन साक्षात्कार की बात कही गई। अगले दिन बगैर इंटरव्यू के ज्वाइनिंग लेटर दे दिया गया। बाद में ज्वाइनिंग डेट टलने तथा बाद में भर्ती कैंसिल होने की बात कही गई। मामले में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आरोपी पर केस दर्ज किया है।