सोनभद्र। जिलाधिकारी अभिषेक सिंह की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक हुई। उन्होंने स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। कार्य में लापरवाही बरतने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी के प्रभारी और डॉ. संजीव कुमार को तलब किया। इसके साथ ही लंबित भुगतान में दिलचस्पी न लेने वाले जिला लेखा प्रबंधक व संबंधित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्तरों के ब्लाक लेखा प्रबंधकों का वेतन रोकने का निर्देश दिया। कहा कि लंबित भुगतान किए जाने पर ही इनका वेतन जारी किया जाए।
जिलाधिकारी ने सीएमओ डॉ. नेम सिंह को निर्देशित किया कि जननी सुरक्षा योजना व आशाओं के लंबित भुगतान के देरी के लिए संबंधित प्रभारी चिकित्साधिकारियोें की जिम्मेदारी तय की जाए। समीक्षा के दौरान उन्होंने पाया कि सीएचसी दुद्धी में तैनात डॉ. संजीव कुमार एनआरसी संबंधी ट्रेनिंग नहीं ली और ड्यूटी से मना भी किया। इस पर उन्होंने सीएचसी दुद्धी के प्रभारी और डॉ. संजीव कुमार को तलब किया। उन्होंने कहा कि आयुष्मान पखवारा जो 10 से 24 मार्च तक जिले में चलेगा, उसकी बेहतर कार्ययोजना तैयार की जाए। शासन की मंशा के अनुरूप पांच लाख रुपये की बीमारी के इलाज के लिए गोल्डेन कार्ड के 30 रुपये फीस के बजाय बिल्कुल नि:शुल्क गोल्डेन कार्ड पात्रों का बनाया जाए। जिन सीएचसी, पीएचसी की रुपये होने के बावजूद देनदारियां लंबित हैं, उनके निस्तारण के लिए सीएमओ प्रशासनिक अधिकारी के रूप में तत्काल कड़े कदम उठाएं। उन्होंने कहा कि एक ही डॉक्टर को कई सीएचसी और पीएचसी का प्रभार न दिया जाए। कोशिश की जाय कि जो डॉक्टर मौजूद हैं, उन्हें स्थानीय स्तर पर सीएचसी व पीएचसी का प्रभार दिया जाए। लंबे समय से तैनात लापरवाह कार्मिकों का ट्रांसफर जरूरत के मुताबिक सीएमओ करें। जो काम बेहतर कर रहे हैं, उनका ट्रांसफर न किया जाए। बैठक में सीडीओ डॉ. अमित पाल शर्मा, सीएमएस डॉ. के कुमार आदि रहे।
कानून व्यवस्था की समीक्षा की
सोनभद्र। जिलाधिकारी अभिषेक सिंह ने बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में शांति एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सरकारी मुकदमों की पैरवी बेहतर तरीके से हो। जिले के सभी एसडीएम, पुलिस क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी आपस में बेहतर समन्वय स्थापित करके जिले में कानून व्यवस्था बनाये रखने में अपने जिम्मेदारियों को निभाएं। थाने में पड़े खराब पड़े सामानों का निस्तारण कराने के लिए नियमानुसार कार्रवाई करने के लिए कहा। इस मौके पर एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह, एडीएम योगेन्द्र बहादुर सिंह, एएसपी डॉ. राजीव कुमार सिंह, एसडीएम सदर डॉ. कृपाशंकर पांडेय, दुद्धी रमेश कुमार आदि रहे।