अनपरा और शक्तिनगर पुलिस मंगलवार को पूरे दिन पंचायत चुनाव के प्रत्याशियों के पोस्टर बैनर उतरवाने में जुटी रही। इस दौरान संबंधितों को आदर्श आचार संहिता के पालन करने की हिदायत भी दी गई। पुलिस का कहना था कि आदेश अमल में नहीं लाया गया तो प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
प्रधानी चुनाव को लेकर पूरा इलाका पोस्टरों व बैनरों से पटा पड़ा था। बीते दिनों चलाए गए अभियान के बाद भी कई दावेदारों के पोस्टर बैनर फिर से सज गए थे।
इसकी जानकारी के बाद मंगलवार सुबह से ही अनपरा में एसओ शोभनाथ यादव, रेणुसागर चौकी इंचार्ज हारूल रसीद, शक्तिनगर में उप निरीक्षक महेंद्र यादव दलबल के साथ पोस्टर-बैनर उतरवाने में जुटे तो कुछ प्रत्याशियों के समर्थक खुद बैनर उतारने में जुट गए।
शाम तक चलाए गए अभियान में अनपरा बाजार, औड़ी, काशी मोड़, रेणुसागर, खड़िया कालोनी, बस अड्डा बाजार, पीडब्ल्यूडी मोड़, खड़िया बाजार, कोटा, चिल्काटांड मार्केट व गांव, एनटीपीसी के आवासीय क्षेत्र समेत विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए बैनर-पोस्टर उतरवा दिए गए।