चोपन(सोनभद्र)। चोपन के अग्रवाल मेमोरियल क्लब मैदान में बृहस्पतिवार की सुबह नगर पंचायत अध्यक्ष एवं खनन उद्यमी इम्तियाज अहमद (48) की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। गोली मारकर भाग रहे एक शूटर को लोगों ने कारबाइन के साथ पकड़ लिया जबकि बाइक सवार होकर तीन अन्य साथी फरार हो गए। पकड़े गए बदमाश की भीड़ ने जमकर पिटाई की। चोपन एसएचओ ने उस पर लेटकर भीड़ की चंगुल से उसे छुड़ाया। शूटर को प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया वहां से पुलिस अभिरक्षा में उसे ट्रामा सेंटर भेजा गया। मौके से कारबाइन और एक अन्य हथियार का खोखा बरामद हुआ है। उधर घटना से गुस्साए लोगों ने सुबह आठ बजे चोपन में वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। करीब 11 बेजे चेयरमैन के भाई उस्मान अहमद के आश्वासन पर जाम समाप्त हुआ। डीएम अमित कुमार सिंह, एसपी किरीट राठोड भी जिला अस्पताल पहुंचे। डीआईजी पीयूष श्रीवास्तव भी दोपहर एक बजे चोपन पहुंचे और घटना की जानकारी ली। इस मामले में दो नामजद और चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है।
इमित्याज अहमद चोपन से लगातार दूसरी बार चेयरमैन थे जबकि उनके छोटे भाई उस्मान की पत्नी बबली निर्विरोध ब्लाक प्रमुख हैं।इम्तियाज प्रतिदिन सुबह अग्रवाल मेमोरियल क्लब मैदान में व्यायाम करने और वॉलीबाल खेलने जाते थे। बृहस्पतिवार की सुबह छह बजे वह खुद कार चलाकर खेल मैदान पर पहुंचे थे। यहां पहले से ही चार लोग मौजूद थे। जैसे ही इम्तियाज कार से नीचे उतरे, तभी उन पर फायरिंग शुरू हो गई। इससे दो गोली उनके दोनों पैरों के जांघ में लगी। घायलवस्था में इम्तियाज को सुरेश के वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फिर जिला अस्पताल ले जाया गया।
गोली मारने के बाद दो बाइक से आए चार में तीन बदमाश भाग निकले जबकि एक को भीड़ ने दौड़ाकर पकड़ लिया। उसकी जेब से आधार कार्ड, पेन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और नकदी बरामद हुई। उसकी पहचान झारखंड, पलामू जिले के हुसैनाबाद थानाक्षेत्र के चनकार कस्तूरी निवासी काश्मीर कुमार रौकेट पुत्र विनय पासवान के रूप में हुई। भीड़ आरोपी पर टूट पड़ी। किसी तरह से पुलिस ने उसे बचाया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही टोल प्लाजा के पास चेयरमैन की मौत हो गई। उधर शूटर को पुलिस जिला अस्पताल न ले जाकर राबर्ट्सगंज के एक निजी अस्पताल में ले गई जहां से उसे वाराणसी रेफर कर दिया गया। फिर पुलिस उसे वाराणसी ले गई। इस मामले में पुलिस ने छोटे भाई उस्मान अली की तहरीर पर खनन व्यवसाई बिल्ली मारकुंडी के राकेश जायसवाल और राबर्ट्सगंज के रवि जालान सहित चार अज्ञात के खिलाफ धारा 147,148, 302, 120बी व सेवेन सीएलए एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
इनसेट....
झारखंड, बिहार से जुड़े हैं घटना के तार
सोनभद्र। एसपी किरीठ राठोड ने पत्रकार वार्ता में बताया कि घटना के तार झारखंड और बिहार से जुड़े हैं। दो टीमें वहां के लिए रवाना कर दी गई हैं। काले रंग की दो अपाचे बाइक से चार बदमाश आए थे, जिसमें से तीन के पास हथियार थे। मौके पर सीसीटीवी फुटेज भी मिला है, उसे देखवाया जा रहा है। मौके से चार खोखे मिले हैं। पकड़ा गया व्यक्ति अपराधी किस्म का है और वह पूर्व में जेल भी जा चुका है। घटना के पीछे दो कारण सामने आए हैं। इसमें एक व्यवसायिक है और एक दूसरा मामला भी सामने आ रहा है जिसकी जांच की जा रही है। जो भी दोषी मिलेगा उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।