दुद्धी। कनहर विस्थापित गांव कुदरी, बैरखड, सुंदरी आदि का सोमवार को ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट के प्रदेश महासचिव दिनकर कपूर ने दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कनहर बांध के शेष बचे हुए कामों विशेष कर नहरों के निर्माण, कनहर विस्थापितों के बचे हुए मुआवजा का भुगतान किए जाने की मांग सरकार से की।
सूची में छूटे हुए विस्थापितों को सम्मिलित कर विस्थापन पैकेज देने और अमवार स्थित कनहर विस्थापित कॉलोनी में मूलभूत सुविधाओं के लिए केंद्र सरकार को पिछले डेढ़ साल से लंबित प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत 1050 करोड़ रुपये का तत्काल भुगतान करने की मांग की। कहा कि यदि सरकार मांग पूरा नहीं करती है तो समाज के लोगों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा। इसके बाद बैठक कर लोगों की समस्याओं को जाना। बैठक में विस्थापित नेता पूर्व प्रधान कोरची गंभीरा प्रसाद, पूर्व प्रधान बैरखड इस्लामुद्दीन, विस्थापित नेता मेराज अहमद, शिव प्रसाद गोंड, मंगरु प्रसाद श्याम, सविता गोंड, मजदूर नेता भोला आदि ने अपनी बात रखी।