भाकपा माले कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को सदर तहसील में प्रदर्शन किया और केंद्र व प्रदेश सरकार पर किसान विरोधी होने का आरोप लगाया। दोनों सरकारों के खिलाफ नारेबाजी की और एसडीएम को मांगपत्र सौंपा।
इस अवसर पर हुई सभा में पार्टी के जिला सचिव सुधाकर यादव ने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी की सरकार सारी खनिज संपदा, किसानों, आदिवासियों की जमीनें छीनकर पूंजीपति घरानों को सौंप रही है।
दुनिया और देश के गरीबों की तबाही और बर्बादी के लिए जिम्मेदार राष्ट्रपति ओबामा को गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्य अतिथि बनाकर मोदी सरकार ने अमेरिका के सामने समर्पण की नीतियां उजागर कर दी है।
जिला सचिव ने कहा कि प्रदेश सरकार भी केंद्र सरकार के नक्शे कदम पर चल रही है। पूरे प्रदेश में लगता है जैसे माफिया और अपराधी सरकार चला रहे हैं।
माले राज्य स्थायी समिति के सदस्य ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि सोनभद्र में कारपोरेट घरानों, खनन माफियाओं और पुलिस प्रशासन के गठजोड़ का राज चल रहा है। अवैध खनन धड़ल्ले से जारी है।
सभा की अध्यक्षता दीनानाथ भारती और संचालन बाबूलाल भारती ने किया। इस मौके पर विजय कोल, लालजी भारती, रामप्रवेश कोल, मोहरमनी, शंकर कोल, राजदेव गोड़, कलीम, राजबली, सिकंदर आदि मौजूद रहे।