सोनभद्र। राबर्ट्सगंज तहसील के पेशकार की गैर मौजूदगी में न्यायालयी अभिलेखों को देखने के आरोप में दो व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होगा। मंगलवार को नायब नाजिर महेंद्र मालवीय ने दो लोगों के खिलाफ सदर कोतवाली में तहरीर दे दी है। डीएम ने सदर एसडीएम को पेशकार के खिलाफ विभागीय कार्यवाही करने का निर्देश दिया है।
बता देें कि दो सितंबर को एडीएम योगेंद्र बहादुर सिंह के राबर्ट्सगंज तहसील के दफ्तरों की जांच की थी। इस दौरान एसडीएम के पेशकार/अहलमत के कक्ष में प्राइवेट दो व्यक्ति न्यायालीय कागजातों को देखते मिले थे। एडीएम ने जांच रिपोर्ट डीएम को भेजा था। डीएम एस. राजलिंगम ने सदर एसडीएम कृपा शंकर पांडेय को पेशकार के खिलाफ विभागीय कार्यवाही करते हुए हुए चार्जशीट दाखिल जररी करने और बाहरी व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का आदेश दिया था। सदर कोतवाल अंजनी कुमार राय ने बताया कि नायब नाजिर ने घोरावल कोतवाली क्षेत्र के बरौधी गांव निवासी संतोष कुमार और सदर कोतवाली क्षेत्र के पकरी गांव निवासी छोटू प्रसाद के खिलाफ तहरीर दिया है। नाजिर ने तहरीर देकर अवगत कराया है कि एडीएम द्वारा तहसील का औचक निरीक्षण किया गया था। इस दौरान एडीएम ने न्यायालय के पेशकार कक्ष में उक्त दोनों व्यक्ति को पेशकार कक्ष में रखी वाद पत्रावलियों को पेशकार की अनुपस्थित में निकाल कर अनिधकार रूप से देखते हुए पाया था। कोतवाल का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत करने की कार्यवाही की जा रही है। समचार लिखे जाने तक केस दर्ज नहीं हुआ था।