शक्तिनगर। बिना अनुमति मुख्य मार्ग पर आवाजाही बाधित करने के मामले में पुलिस ने एनसीएल के दो वरिष्ठ अधिकारियों सहित तीन लोगों पर विभिन्न धाराओं में बृहस्पतिवार को मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस की कार्रवाई से अफसरों में खलबली मच गई है।
पुलिस के मुताबिक बुधवार देर शाम से रात 11 बजे के बीच एनसीएल ब्लॉक बी (गोरबी) में सिविल विभाग के अधिकारी नरेंद्र कुमार तथा ठेकेदार बलराम जैन के द्वारा मुख्य मार्ग से ब्लॉक बी खदान जाने वाले मार्ग पर बिना सूचना व अनुमति के रोड खोदकर पाइप डालने का कार्य कराया जा रहा था तथा आवागमन के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई थी। जिस कारण मोरवा बरगवां मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। इस दौरान अति आवश्यक वाहन एंबुलेंस एवं छोटे बड़े सभी वाहनों का आवागमन बंद हो गया तथा यात्री वाहन की सवारी काफी असंतुष्ट होकर मार्ग में इकट्ठा हो गए। जिससे कोरोना वायरस संक्रमण काल में सोशल डिस्टेंसिंग के निर्देश भी हवा हो गए। मोरवा थाने के प्रभारी निरीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि इस प्रकरण में प्रोजेक्ट के अधिकारी नरेंद्र कुमार, सुनील तिवारी व ठेकेदार बलराम के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।